बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
तेज बारिश में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबा युवक
पांच लोगों की बाल-बाल बची जान, ग्रामीणों ने मलबा हटाकर युवक को निकाला; बेघर परिवार को मदद की दरकार
एंकर : बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के खैराचातर स्थित डोम टोला (अंबेडकर नगर) में बुधवार की रात तेज बारिश के दौरान एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की जोरदार आवाज से घर में सो रहे परिवार के पांच सदस्यों में अफरातफरी मच गई। सभी लोग किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, 22 वर्षीय मिथुन डोम मलबे में दब गया।
मकान गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद मिथुन को मलबे से बाहर निकाला गया। हादसे में उसके पैर में चोट लगी है।
परिजनों के अनुसार, हादसे के समय गर्भवती सोनाली देवी, सोनू डोम, तीन वर्षीय मिस्टी, 65 वर्षीय बाली देवी और मिथुन डोम घर के अंदर सो रहे थे। मकान काफी पुराना और जर्जर था। बारिश से बचाव के लिए छत को प्लास्टिक से ढका गया था। लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवारें कमजोर हो गई थीं और इसी दौरान अचानक पूरा मकान धराशायी हो गया।
अब सिर छुपाने के लिए भी जगह नहीं मकान गिरने के बाद गरीब परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। परिवार के पास फिलहाल सुरक्षित आश्रय का कोई उचित साधन नहीं है। बारिश के मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्ग और गर्भवती महिला के साथ परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, रहने के लिए सुरक्षित स्थान और सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। साथ ही, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से भी आगे बढ़कर इस गरीब परिवार की मदद करने की अपील की गई है, ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में कुछ राहत मिल सके।ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन द्वारा जल्द पहल कर पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही घायल मिथुन के इलाज में भी हरसंभव सहयोग मिलना चाहिए।