बेरमो में CISF की बड़ी कार्रवाई, 21 टन अवैध कोयला और 3 ट्रैक्टर जब्त

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

बेरमो में CISF की बड़ी कार्रवाई, 21 टन अवैध कोयला और 3 ट्रैक्टर जब्त

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं के खिलाफ CISF की लगातार छापेमारी जारी है। 24 अगस्त 2026 सोमवार को एमएमडीआर एक्ट के तहत CISF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 टन अवैध कोयला और 3 ट्रैक्टर जब्त किया है।केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई, CCL करगली के द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती एवं छापामारी अभियान संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में, CISF को प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर CISF की टीम ने पिछरी जाने वाले रोड पर तीन ट्रैक्टरों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के क्रम में तीनों ट्रैक्टरों का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था और न ही उनके पास कोई कागजात उपलब्ध थे। ट्रैक्टरों पर अवैध कोयला लोड था।जिसके बाद CISF ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। जब्त कोयले का वजन लगभग 21 टन बताया जा रहा है। कोयला एवं तीनों ट्रैक्टरों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु पेटरवार थाना को सुपुर्द कर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (एमएमडीआर एक्ट, 1957) के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाने की प्रक्रिया चल रही है।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा CISF को एमएमडीआर एक्ट के अंतर्गत प्रदत्त नवीन अधिकारों के तहत करगली क्षेत्र में की गई यह 12वीं बड़ी कार्रवाई है। इस प्रावधान के लागू होने के बाद CISF अब अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए अधिकृत है। इससे अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, अवैध कोयला परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!