कथारा वाशरी में ठेकेदारों की हुंकार: भुगतान तक बंद रहेगा काम, नई वाशेरी बढ़ाएगी बेरोजगारी, इसराफिल अंसारी।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

कथारा वाशरी में ठेकेदारों की हुंकार: भुगतान तक बंद रहेगा काम, नई वाशेरी बढ़ाएगी बेरोजगारी, इसराफिल अंसारी।

बोकारो जिला के कथारा वाशरी के ठेकेदारों ने वर्षों से लंबित बकाया भुगतान को लेकर सोमवार को मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेता इसराफिल अंसारी उर्फ बबनी के नेतृत्व में सभी ठेकेदारों ने कथारा वाशरी के परियोजना पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर अपनी समस्याओं को रखा। बैठक के दौरान ठेकेदारों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वाशरी में कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। बैठक में ठेकेदारों की ओर से कहा गया कि लंबे समय से उनके भुगतान की राशि लंबित है, जिसके कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। कई ठेकेदार कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में बिना भुगतान के कार्य जारी रखना संभव नहीं है। इसराफिल अंसारी ने कहा कि ठेकेदार आज भूखमरी की स्थिति तक पहुंच चुके हैं। वर्षों से उनका बकाया भुगतान लंबित है और उधारी के सहारे आखिर कब तक काम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मजबूर होकर ठेकेदारों को यह निर्णय लेना पड़ा है कि भुगतान होने तक कार्य पूरी तरह बंद रखा जाएगा।उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही भुगतान की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो कथारा वाशरी का चक्का जाम कर दिया जाएगा। कहा कि ठेकेदारों का धैर्य अब जवाब दे चुका है और बकाया भुगतान के लिए वे किसी भी स्तर तक आंदोलन करने को तैयार हैं। बैठक के दौरान इसराफिल अंसारी ने सीसीएल प्रबंधन द्वारा प्रस्तावित नयी कथारा वाशरी परियोजना का भी विरोध किया। कहा कि प्रस्तावित नयी वाशरी क्षेत्र के लिए रोजगार का नहीं बल्कि बेरोजगारी का कारण बनेगी। उनके अनुसार नयी वाशरी में मात्र 51 कर्मचारियों को ही रोजगार मिल सकेगा, जबकि वर्तमान व्यवस्था से जुड़े आरओएम, सेलरी, विस्थापित मजदूर, ठेकेदार एवं उनके माध्यम से काम करने वाले सैकड़ों श्रमिक बेरोजगार हो जाएंगे। यदि नयी वाशरी से क्षेत्र के लोगों का रोजगार प्रभावित होता है तो इसका विरोध किया जाएगा। बेहतर होगा कि प्रबंधन इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करते हुए इसे रद्द कर दे। वहीं, परियोजना पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने ठेकेदारों से कार्य बंद नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठेकेदार काम जारी रखें, उनकी समस्याओं और भुगतान संबंधी मांगों को लेकर वे महाप्रबंधक से बातचीत करेंगे तथा समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। हालांकि ठेकेदारों ने उनकी अपील को अस्वीकार करते हुए स्पष्ट कर दिया कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होता, तब तक कार्य बंद रहेगा।
बैठक में हाशिम अंसारी, इम्तियाज अंसारी, बद्री मिश्र, तालिब अंसारी सहित दर्जनों ठेकेदार उपस्थित थे। बैठक के बाद ठेकेदारों के रुख से यह स्पष्ट हो गया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में कथारा वाशरी में आंदोलन तेज हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!