बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
बिनोद बिहारी महतो की जयंती पर श्रद्धांजलि, डॉ. लंबोदर महतो ने कहा—संघर्ष और विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे
:झारखंड के पितामह कहे जाने वाले स्व. बिनोद बिहारी महतो की जयंती के अवसर पर बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के खुदीबेड़ा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने स्व. बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि स्व. बिनोद बिहारी महतो का जीवन संघर्ष, सामाजिक चेतना और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि स्व. बिनोद बिहारी महतो ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती देने के लिए लगातार संघर्ष किया। उनके विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उमेश कुमार जायसवाल ने कहा कि स्व. बिनोद बिहारी महतो ने समाज में जागरूकता और एकजुटता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके संघर्ष और विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।अशोक कुमार सिंह ने कहा कि स्व. बिनोद बिहारी महतो का व्यक्तित्व और कृतित्व समाज के लिए प्रेरणादायी रहा है। उनकी जयंती पर उन्हें याद करना उनके सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करना है।वहीं किंकर महतो ने कहा कि स्व. बिनोद बिहारी महतो ने अपने जीवन में समाज के हितों को प्राथमिकता दी। उनके विचारों और संघर्ष से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. बिनोद बिहारी महतो के संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय साथी उपस्थित थे