कांवड़ यात्रियों एवं पदयात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक, पुलिस दे रही सुरक्षित यात्रा का संदेश

कांवड़ यात्रियों एवं पदयात्रियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक, पुलिस दे रही सुरक्षित यात्रा का संदेश

 

पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार श्रावण एवं भाद्रपद माह में निकलने वाली कांवड़ यात्राओं एवं विभिन्न पदयात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडीएफ) बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी कांवड़ यात्रियों एवं पैदल श्रद्धालुओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में लगातार समझाइश दे रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिसकर्मी कांवड़ यात्राओं के आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को सड़क के दाहिनी ओर चलने, यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक रूप से सड़क पर फैलाव नहीं करने तथा सुरक्षित तरीके से यात्रा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता के माध्यम से श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि सड़क के दाहिनी ओर चलने से सामने से आने वाले वाहनों पर नजर बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है। इसके अतिरिक्त धौलपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी आमजन एवं कांवड़ यात्रियों को सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक हो सकें।
धौलपुर पुलिस आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील करती है कि कांवड़ यात्रा एवं पदयात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, सड़क के दाहिनी ओर चलें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। ब्यूरो चीफ धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!