धौलपुर के संतर रोड स्थित अम्मा जी मंदिर परिसर में सार्वजनिक स्थान पर कब्जे और अव्यवस्थाओं से श्रद्धालु परेशान
धौलपुर। शहर के संतर रोड स्थित अम्मा जी मंदिर परिसर को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि मंदिर के पुजारी भगवान दास शर्मा द्वारा मंदिर परिसर के सार्वजनिक उपयोग वाले हिस्से को किराए पर दे दिया गया है। इतना ही नहीं, मंदिर की परिक्रमा मार्ग में भी गोदाम बना दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना एवं परिक्रमा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर परिसर वर्षों से सार्वजनिक उपयोग के लिए खुला रहता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार यहां अपने छोटे-मोटे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करते थे, लेकिन अब परिसर का अधिकांश भाग किराए पर दिए जाने के कारण आम लोगों की पहुंच सीमित हो गई है।
श्रद्धालुओं का आरोप है कि जब भी इस संबंध में पुजारी से बात की जाती है तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की जाती है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया गया है कि इस पूरे मामले की शिकायत नगर पालिका में भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर मंदिर परिसर को पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए तथा श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के पूजा-अर्चना और परिक्रमा करने की सुविधा सुनिश्चित की जाए। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर