धौलपुर पुलिस का ‘एक्शन’ सादा वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध मनचलों को सिखाया सबक
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में महिला कालिका पैट्रोलिंग यूनिट पुलिसकर्मियों ने योजनाबद्ध तरीके से पार्कों, मचकुंड एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सादा वस्त्रों में उपस्थित रहकर करीब आधा दर्जन संदिग्ध मनचलों को सिखाया सबक
d
राजस्थान पुलिस के ध्येय वाक्य ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ को चरितार्थ करने के लिए जिले में आज खाकी का एक अलग नया रूप देखने को मिला। पुलिस मुख्यालय जयपुर एवं महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह के सुपरविजन में आज धौलपुर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर एक विशेष ‘डिकॉय ऑपरेशन’ (Decoy Operation) चलाया गया। इस गुप्त अभियान का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों, पार्कों, मचकुंड एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास में महिलाओं व छात्राओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर नकेल कसना था। इस ऑपरेशन के लिए महिला कालिका पैट्रोलिंग यूनिट की हैंड कानि वीनेश सिंह, हैंड कानि फरीदा बानों, महिला कानि. बेबी, रीना, बबीता व शबाना में पुलिस टीम ने विशेष रणनीति तैयार की थी। टीम में शामिल महिला कार्मिकों को सादा वस्त्रों (सिविल ड्रेस) में तैनात किया गया ताकि असामाजिक तत्वों को पुलिस की मौजूदगी का जरा भी आभास न हो सके। इस विशेष टीम ने मोर्चा संभाला। विशेष अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग टोलियों में बंटकर पूरे शहर में सघन निगरानी रखी।
धरपकड़ से मचा हड़कंप, एक दर्जन हिरासत में
सादा वर्दी में तैनात इन महिला जांबाजों ने जैसे ही गांधी पार्क, मचकुंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों की सक्रियता देखी। अभियान के तहत करीब एक दर्जन संदिग्धो को समझाइश की गई है। अचानक हुई इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तो परिणाम गंभीर होंगे। यह अभियान आगे भी समय-समय पर इसी तरह अचानक चलाया जाएगा ताकि महिलाओं को एक भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
आधुनिक तकनीक और हेल्पलाइन से मिलेगी तत्काल मदद
धौलपुर पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए आधुनिक संसाधनों के उपयोग पर भी जोर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं राजकोप सिटीजन ऐप के ‘एसओएस’ (SOS) फीचर का उपयोग करें। इस ऐप के जरिए मात्र एक क्लिक पर पुलिस को पीड़िता की लाइव लोकेशन मिल जाती है और सहायता तत्काल मौके पर पहुंचती है। इसके अलावा, पुलिस ने महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9530411842-9530411843 को भी सक्रिय रखा है, जिस पर सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ब्यूरो चीफ मनोज राघव धौलपुर