जारंगडीह मे बिजली बहाल होते ही फिर उड़ा ट्रांसफार्मर: 5 दिन बाद भी नहीं मिली राहत

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

जारंगडीह मे बिजली बहाल होते ही फिर उड़ा ट्रांसफार्मर: 5 दिन बाद भी नहीं मिली राहत

 

एंकर : बोकारो के जारंगडीह कोलियरी क्षेत्र में 5 दिन बाद बिजली तो लौटी, लेकिन 20-25 मिनट में ही नया ट्रांसफार्मर फिर जल गया। इससे आक्रोशित लोगों ने देर रात रोड जाम कर दिया।बोकारो जिला के जारंगडीह कोलियरी क्षेत्र के जारंगडीह बाजार, रिवरसाइड और 12 नंबर इलाके में शुक्रवार को 1 एमवीए का ट्रांसफार्मर जलने से 5 दिनों से बिजली गुल थी। मंगलवार को सीसीएल प्रबंधन ने नया 300 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण 20-25 मिनट बाद ही ट्रांसफार्मर फिर जल गया। इससे नाराज लोगों ने 9 जून मंगलवार की देर रात रोड जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहा।भीषण गर्मी के बीच 5 दिनों तक बिजली न रहने से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। घरों में पंखे-कूलर बंद थे,पेयजल की समस्या हो गई थी और मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे थे। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता था। स्थानीय लोगों ने कई बार सीसीएल प्रबंधन से जल्द बिजली बहाल कराने की मांग की थी।मंगलवार को तकनीकी टीम की निगरानी में नया ट्रांसफार्मर लगाकर लाइन चार्ज की गई और बिजली बहाल हुई।
लेकिन खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी। 20-25 मिनट बाद ही ट्रांसफार्मर फिर जल गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने देर रात रोड जाम कर दिया। सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव और कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जारंगडीह परियोजना पदाधिकारी प्रवीण सेन गुप्ता ने फोन पर बताया कि लोड न लेने के कारण ट्रांसफार्मर जल गया है।प्रोजेक्ट इंजीनियर निखिल कुमार ने कहा कि शुक्रवार को 1 एमवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर जलने से पूरे क्षेत्र की बिजली ठप हो गई थी। तकनीकी कारणों और लोड संबंधी दिक्कतों से नया ट्रांसफार्मर लगाने में समय लगा। सुरक्षा जांच के बाद 300 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाकर लाइन चार्ज की गई, लेकिन वह भी 20-25 मिनट ही टिकी। अब दूसरे ट्रांसफार्मर को जल्द लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!