बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सीआईएसएफ करगली में ‘संरक्षिका’ के तहत महिलाओं के लिए विशेष योग सत्र आयोजित
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल, करगली ने महिलाओं के स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन सीआईएसएफ परिवार कल्याण संगठन ‘संरक्षिका’ के तत्वावधान में किया गया।बोकारो के करगली में सीआईएसएफ यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले महिलाओं के लिए एक खास योग सत्र का आयोजन किया। ‘संरक्षिका’ के बैनर तले हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लेकर योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।योग जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस सत्र का उद्देश्य महिलाओं के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियां सिखाईं। साथ ही नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई।सत्र के दौरान महिलाओं को तनाव प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागी महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य संवर्धन और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक कदम है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह ने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली का आधार भी है। उन्होंने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत 21 जून तक बल सदस्यों के लिए प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। भविष्य में भी सीआईएसएफ परिवार की महिलाओं और परिजनों के लिए ऐसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम जारी रहेंगे।कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने की प्रेरणा देते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।