‘हर घर तिरंगा’ और ‘नशा मुक्त राजस्थान’ अभियान का गरिमामय शुभारंभ

राजकीय महाविद्यालय राजाखेड़ा में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘नशा मुक्त राजस्थान’ अभियान का गरिमामय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के ओजस्वी वाचन से हुई। राष्ट्रगीत के दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसके बाद छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों को जीवन में कभी नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को मजबूत करता है, जबकि ‘नशा मुक्त राजस्थान’ अभियान युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से दोनों अभियानों को महज कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखते हुए जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रभारी सहायक आचार्य पियूष जांगिड़ ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को समाजसेवा, जनजागरूकता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तथा ‘नशा मुक्त राजस्थान’ अभियान 10 अगस्त से 9 सितंबर तक जा रहा है । इस दौरान महाविद्यालय में विभिन्न जागरूकता एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नई किरण नशा मुक्ति केंद्र की कार्यक्रम प्रभारी सहायक आचार्य अभिषेक गुर्जर, दीपक सिसोदिया, उपेंद्र कुमार मुख्या भूमिका में रहे |

 

संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!