राजाखेड़ा में जली केबलें बदलीं, ट्रांसफॉर्मरों की कराई मेंटेनेंस,

राजाखेड़ा में जली केबलें बदलीं, ट्रांसफॉर्मरों की कराई मेंटेनेंस, बिजली चोरी पर 21 वीसीआर भरकर 8 लाख का जुर्माना लगा कर चलाया ऑपरेशन थंडर वोल्ट।


राजाखेड़ा। दिनांक 24/05/2026 दिन रविवार को जेवीवीएनएल धौलपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक शर्मा के आदेशानुसार उपखंड सहायक अभियंता आनंद तिवारी के निर्देशन में कनिष्ठ अभियंता मयंक मिश्रा द्वारा राजाखेड़ा कस्बे में विद्युत व्यवस्था सुधार अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शहर की खराब एवं पुरानी हो चुकी विद्युत केबलों को बदलवाया गया। साथ ही ट्रांसफॉर्मरों के आसपास उगी झाड़ियों को कटवाकर साफ-सफाई कराई गई ताकि आग लगने जैसी घटनाओं से बचाव किया जा सके। इसके अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मरों की ब्रांचिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त कराया गया तथा नई केबलें डलवाई गईं।
बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक तापमान एवं बढ़े हुए लोड के कारण शहर के कई मोहल्लों में बार-बार केबल जलने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही थी। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देशन में संबंधित स्थानों पर उच्च क्षमता वाली नई केबलें डलवाकर विद्युत आपूर्ति को पुनः निर्बाध रूप से बहाल किया गया।
वहीं बढ़ते विद्युत लोड एवं बिजली चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा रात्रिकालीन विजिलेंस चैकिंग अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता मयंक मिश्रा ने शहर क्षेत्र में 21 वीसीआर भरते हुए करीब 8 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डायरेक्ट कटिया डालकर विद्युत चोरी करना कानूनन अपराध है। इससे विभाग को आर्थिक नुकसान तो होता ही है, साथ ही करंट लगने से जानलेवा हादसे भी हो सकते हैं। इसलिए आमजन विद्युत चोरी से बचें एवं सुरक्षित तरीके से अधिकृत विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!