कथारा ऑफिसर्स क्लब में 14 सीसीएल कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट 

 

कथारा ऑफिसर्स क्लब में 14 सीसीएल कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई।

बोकारो जिला के सीसीएल कथारा क्षेत्र के इकाइयों से 31 मई 2026 को सेवानिवृत हुए  14 सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान  सोमवार 1 जून 2026 को कथारा ऑफिसर्स क्लब मे सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के प्रभारी महाप्रबंधक विनोद कुमार थे। कार्यक्रम का संचालन कार्मिक प्रबंधक अनुराग कुमार ने किया। इस अवसर पर मानव संसाधन एवं कार्मिक विभाग के प्रभारी संविराज सिंह, कार्मिक प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह, वित्त प्रबंधक प्रवीण कुमार सहित क्षेत्र के कई अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं श्रमिक नेताओं में राजू स्वामी, मोहम्मद इकबाल अहमद, राजकुमार मंडल, बालेश्वर गोप, मो. निजाम, विजय कुमार सिंह, सचिन कुमार सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी समारोह में भाग लिया। सेवानिवृत्त कर्मियों के परिवार के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। अपने संबोधन में प्रभारी महाप्रबंधक विनोद कुमार ने कहा कि किसी भी कर्मचारी का सेवानिवृत्त होना उसके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। नौकरी के दौरान अर्जित अनुभव और अनुशासन आगे के जीवन में भी मार्गदर्शन का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सीसीएल की प्रगति में सेवानिवृत्त कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। वक्ताओं ने बताया कि कथारा क्षेत्र से इस माह कुल 14 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए हैं। इनमें से 13 कर्मियों ने लगभग 42 वर्षों तक सीसीएल को अपनी सेवाएं दीं, जबकि एक कर्मचारी ने 35 वर्षों तक संस्थान की सेवा की। अधिकारियों एवं श्रमिक नेताओं ने कर्मचारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों और श्रमिक नेताओं ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त होने वाली राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राशि को सुरक्षित निवेश करना चाहिए तथा अनावश्यक खर्चों से बचना चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और परिवार के साथ सुखद समय व्यतीत करने की भी सलाह दी गई। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कई कर्मचारी भावुक हो उठे और अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने सीसीएल प्रबंधन, सहकर्मियों एवं श्रमिक संगठनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। समारोह का समापन सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना के साथ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक प्रतिनिधि एवं परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!