अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ का बड़ा प्रहार, 19.170 टन कोयला, 2 ऑटो और 2 बाइक जब्त

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

अवैध कोयला कारोबार पर सीआईएसएफ का बड़ा प्रहार, 19.170 टन कोयला, 2 ऑटो और 2 बाइक जब्त

बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। सीसीएल करगली के कमांडेंट श्री राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में रात्रि में की गई छापेमारी के दौरान कुल 19.170 टन अवैध कोयला, 2 ऑटो और 2 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।सीसीएल परियोजना के ढोरी एरिया में अवैध कोयला परिवहन की विश्वसनीय सूचना मिलने पर सीआईएसएफ ने अमलो चेक पोस्ट और दीनदयाल चेक के बीच दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से ले जाए जा रहे लगभग 3.200 टन कोयले के साथ 2 ऑटो और 2 मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। जब्त वाहनों पर न तो रजिस्ट्रेशन नंबर था और न ही चेसिस नंबर।वहीं फुसरो बाजार स्थित रानीबाग एरिया में सीआईएसएफ, सीसीएल सुरक्षा गार्ड और बेरमो पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 15.970 टन अवैध कोयला पकड़ा। मौके पर कोयले के भंडारण या परिवहन से संबंधित कोई वैध चालान या ई-ट्रांजिट दस्तावेज नहीं मिले। न ही कोयला या वाहनों पर स्वामित्व का दावा करने कोई व्यक्ति सामने आया।अधिकारियों ने बताया कि अवैध कोयला भंडारण और परिवहन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया जा रहा था, जो खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 का उल्लंघन है। सीसीएल प्रबंधन से प्राप्त संपत्ति प्रमाण पत्र के आधार पर जब्त वाहनों और कोयले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेरमो पुलिस को सौंप दिया गया। रानीबाग से जब्त कोयला सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द किया गया।इस अभियान में उप कमांडेंट श्री गारा अभिलाष, निरीक्षक एस.आर. नायक, उप निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार, हरेश कुमार सिंह, बेरमो पुलिस और सीआईएसएफ की क्यूआरटी व स्ट्राइकिंग टीम के जवानों ने अहम भूमिका निभाई।सीआईएसएफ ने साफ किया है कि जीरो कोल लीकेज अभियान के तहत कोयला तस्करी पर नकेल कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!