बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
कसमार में ग्रामीणों का आंदोलन, मालवाहक वाहनों का परिचालन ठप
कोलकाता–वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर रोक, यात्री वाहन रहे मुक्त।
बोकारो जिला के कसमार क्षेत्र में रविवार को ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मालवाहक वाहनों का परिचालन पूरी तरह से ठप करा दिया। हालांकि इस आंदोलन के दौरान यात्री वाहनों को पूरी तरह से मुक्त रखा गया,जिससे आम लोगों को आवागमन में अधिक परेशानी नहीं हुई।ग्रामीणों का यह आंदोलन मुख्य रूप से कोलकाता–वाराणसी एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में लगे भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन वाहनों के लगातार और अनियंत्रित परिचालन से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति खराब हो रही है और आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलनकारी ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में लगे वाहनों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं। उनकी प्रमुख मांगों में सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, स्कूल समय के दौरान मालवाहक वाहनों का परिचालन रोकना,तथा वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराना शामिल है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही के कारण धूल प्रदूषण बढ़ गया है,जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता है, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।