बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
कोल माइंस वर्कर्स यूनियन का 9वां केंद्रीय सम्मेलन 25-26 मई को कथारा ऑफिसर क्लब में।
बोकारो :कोल माइंस वर्कर्स यूनियन के 9वें केंद्रीय सम्मेलन को लेकर 22 मई शुक्रवार को बोकारो जिला के कथारा ऑफिसर्स क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। वार्ता में यूनियन नेताओं ने बताया कि आगामी 25 एवं 26 मई को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय केंद्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न कोयला क्षेत्रों से सैकड़ों प्रतिनिधि भाग लेंगे। यूनियन नेताओं ने जानकारी दी कि सम्मेलन का उद्घाटन बिहार के काराकाट सांसद कामरेड राजाराम सिंह करेंगे। वहीं कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक बिनोद सिंह, राजकुमार यादव सहित सीसीएल, बीसीसीएल एवं ईसीएल के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि और मजदूर नेता शामिल होंगे। बताया गया कि सम्मेलन में कोयला उद्योग की वर्तमान स्थिति, श्रमिकों की समस्याओं तथा केंद्र सरकार द्वारा लागू किए जा रहे चार श्रम कोड के प्रभाव पर व्यापक चर्चा की जाएगी। नेताओं ने कहा कि श्रम कानूनों में बदलाव का सीधा असर कोयला मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और रोजगार पर पड़ रहा है। ऐसे में सम्मेलन के माध्यम से मजदूर हितों की रक्षा के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। सम्मेलन में उत्पादन, निजीकरण, श्रमिक सुरक्षा, वेतन समझौता, सामाजिक सुरक्षा एवं कोयला उद्योग के भविष्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। यूनियन नेताओं ने कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। प्रेस वार्ता में यूनियन नेता विकास सिंह, भुनेश्वर केवट, बालेश्वर गोप, अजय रविदास, बालगोविंद मंडल, हीरालाल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।