चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
“विनीता मौत कांड” में बड़ा खुलासा! चौथे दिन कब्र से निकाला गया शव, मारपीट और दहेज प्रताड़ना के आरोपों से घिरा मुकेश पाटले परिवार
कोरबा// उरगा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित विनीता मौत मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। शव दफनाने के चौथे दिन पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में मृतिका विनीता का शव कब्र से उत्खनन कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

शव उत्खनन के दौरान मृतिका के मायके और ससुराल पक्ष दोनों मौजूद रहे। वहीं कुछ समय के लिए मृतिका के ससुर द्वारा शव निकालने का विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद कार्रवाई शुरू हुई। कड़कड़ाती धूप में घंटों तक चली इस कार्रवाई में फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर कई साक्ष्य जुटाए।
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पंचनामा और स्थानीय लोगों की चर्चा में भी यह बात निकलकर आई कि मृतिका विनीता के साथ पति मुकेश पाटले द्वारा आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। हालांकि कई ग्रामीणों ने कैमरे के सामने बोलने से इनकार कर दिया, लेकिन दबे स्वर में घरेलू हिंसा की पुष्टि करते नजर आए।
मृतिका की मां ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुकेश पाटले और उसके माता-पिता विनीता को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में मुकेश कुछ लोगों को “ग्राम के पंच-सरपंच” बताकर गिधौरी गांव पहुंचा था, जबकि वे असल में उसके रिश्तेदार थे। उन्हीं के भरोसे और समझाइश में विनीता को वापस ससुराल भेजा गया था।
मां ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया कि इससे पहले भी मुकेश ने विनीता को फांसी लगाकर मारने की कोशिश की थी, जिसकी जानकारी खुद विनीता ने उन्हें दी थी। इसके बावजूद बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार हर बार समझौता करता रहा।
परिजनों का दावा है कि मौत के बाद जब विनीता के शव को नहलाया गया, तब उसके शरीर पर कई चोट और मारपीट के निशान दिखाई दिए। इतना ही नहीं, नाक और मुंह से खून निकलने की बात भी कही गई। परिवार का आरोप है कि इन सब बातों को दबाने की कोशिश की गई और बिना पोस्टमार्टम आनन-फानन में शव दफन कर दिया गया।
विनीता की बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले तक विनीता पूरी तरह स्वस्थ थी और शादी कार्यक्रम में डांस भी कर रही थी। ऐसे में अचानक एक-दो दिन में उसकी हालत इतनी गंभीर कैसे हो गई, यह सबसे बड़ा सवाल है। उन्होंने बताया कि दो-तीन महीने पहले उरगा थाना में मुकेश के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
जब मुकेश पाटले से इन आरोपों पर सवाल किया गया तो वह गोलमोल जवाब देता नजर आया। उसने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया, लेकिन यह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया कि यदि सब सामान्य था तो विनीता बार-बार मायके क्यों लौटती थी। सबसे बड़ा सवाल अब भी यही बना हुआ है कि यदि मौत बीमारी से हुई थी तो पोस्टमार्टम से इतनी घबराहट क्यों थी?
वहीं उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत और आरोपों के आधार पर शव उत्खनन कर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे इलाके में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जो तय करेगी कि विनीता की मौत बीमारी से हुई… या फिर दहेज और मारपीट की प्रताड़ना ने उसकी जान ले ली।