लगातार शिकायतों के बाद निगम आयुक्त ने किया शहर के वार्ड नंबर 43 का निरीक्षण
पिछले चार वर्षों में पहली बार किसी आयुक्त ने वार्ड के हाल जानने का प्रयास किया है, पिछले तीन वर्षों से वार्ड में जमादार ही नहीं है….बार्ड पार्षद

भरतपुर। शहर के वार्ड 43 में व्याप्त समस्याओं की लगातार शिकायत मिलने के बाद मंगलवार को निगम आयुक्त रिछपाल सिंह बुडरक द्वारा टीम सहित वार्ड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ टीम में अतिक्रमण एवं सफाई प्रभारी संजय सिंह, सीएसआई वेदराम, लाइन कंपनी के मैनेजर संजय सिंह गुर्जर व सफाई निरीक्षक नरेश बघेला मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने वार्ड में हो रही परेशानियों को गंभीरता से समझते हुए उनके निराकरण के आदेश दिए। आयुक्त ने पिछले कई दिन से ट्रांसफार्मर के नीचे हो रहे अतिक्रमण के संदर्भ में उस परिवार को बुलाकर दो दिन की मोहलत देते हुए खराब वाहन व सामान तुरंत प्रभाव से हटाने के आदेश दिए। दो मोरा नाले की सफाई को बरसात पूर्व पूर्ण करने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने सैनी मोहल्ला नाले के पास सरस बूथ से प्लास्टिक के गिलास जब्त किए और बूथ में पड़ी शराब व बीयर की खाली बोतल देखकर नाराजगी जताते हुए बूथ संचालक को अतिक्रमण को तुरंत प्रभाव से हटाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान आयुक्त निवास से मात्र 50 मीटर की दूरी पर भगत सिंह चौराहे पर रखे सरस बूथ को उसके संचालक द्वारा किराए पर देना पाया गया। इसके साथ ही वहां ज्यूस की दुकान के लिए भी अतिक्रमण पाया गया। आयुक्त द्वारा वार्ड में स्थित पार्कों में टूटे हुए झूले, जिम को तुरंत ठीक कराने के आदेश देते हुए हेज कटिंग पार्कों की साफ सफाई व नालों की सफाई के आदेश दिए। जलदाय विभाग द्वारा वार्ड में खोदे गए गड्ढों को तुरंत भरने के लिए जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया। आयुक्त ने वार्ड पार्षद दीपक मुदगल से वार्ड की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। पार्षद ने बताया कि पिछले चार वर्षों में पहली बार किसी आयुक्त ने वार्ड के हाल जानने का प्रयास किया है। पिछले तीन वर्षों से वार्ड में जमादार नहीं है। इसलिए वार्ड में सफाई और बंद लाइट व अन्य समस्याओं के लिए दिन रात खुद ही जाना पड़ता है। उसके बाद भी निगम में कोई सुनवाई नहीं होती।।
भरतपुर से हेमंत दुबे