बजराहा,सिंगराकला व सिंगराखूर्द में भूमिहीन दलितों के बीच बांटे गए पर्चे वाली जमीनों पर कब्जा दिलाये जिला प्रशासन: शत्रुघ्न कुमार शत्रु
—————————————-
20 सितंबर 2022, मेदिनीनगर
झारखण्ड क्रांति मंच के मेदिनीनगर नगर निगम कमिटी के तत्वावधान में आज बजराहा, सिंगराकला व सिंगराखूर्द के भूमिहीन दलितों के बीच तत्कालीन बिहार सरकार द्वारा वर्ष 1995-96 में बांटे गए लगभग 20 एकड़ जमीनों पर दबंगों के कब्जे से मुक्ति दिलाकर उन्हें सौंपने,मुरुमातु में उसी स्थान पर महादलित मुसहरों को बसाने,जेकेएम के संस्थापक पर झूठे मुकदमे वापस लेने,कजरमा,हुसैनाबाद व जिले के अन्य प्रखण्डों में दलित/आदिवासियों के बीच बांटे गए जमीनों पर कब्जा दिलाने आदि सवालों पर बजराहा से उपायुक्त कार्यालय मेदिनीनगर तक पैदल आक्रोश मार्च व जन प्रदर्शन किया गया।
उक्त क्रम में सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने जेकेएम के संस्थापक शत्रुघ्न कुमार शत्रु के नेतृत्व में क्रांति पुत्र अमर शहीद सरदार भगत सिंह के भगत सिंह चौक,अम्बेडकर पार्क स्थित संविधान निर्माता परमपूज्य बोधिसत्व बाबा साहेब डा० बी०आर०अम्बेडकर जी व छ:मुहान स्थित देश के प्रथम राष्ट्रपति श्री राजेन्द्र प्रसाद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भूमि समस्याओं पर संघर्ष का शपथ लिया।
प्रदर्शन में झारखण्ड क्रांति मंच जिन्दाबाद,बजराहा,सिंगराकला व सिंगराखूर्द में सरकार द्वारा प्रदत जमीनों को दबंगों से मुक्त करो,पलामू में दलित-आदिवासियों की जमीनों को छिनना बन्द करो,जेकेएम संस्थापक व केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु पर टाउन थाना मेदिनीनगर में दर्ज झूठा मुकदमा वापस लो आदि गगनभेदी नारा लगाते हुए कचहरी प्रांगन में जिला परिषद कार्यालय मेदिनीनगर के समक्ष सभा में तब्दील हो गया।
जेकेएम के नगर निगम क्षेत्र इकाई के अध्यक्ष प्रदीप राम की अध्यक्षता व रवि पाल जी के संचालन में आहुति सभा में सबसे पहले पुरन राम ने क्रांतिकारी गीत प्रस्तुत कर जमीन बचाने का आह्वान किया।सभा में द्वारिका राम,संतोष राम,गणेश राम,धन्नजय राम,अनुज राम,कृष्णा राम,उषा देवी आदि भुक्तभोगियों ने उपायुक्त पलामू से जमीन पर कब्जा दिलाने का आहृवान किया।
सभा में हुल झारखण्ड क्रांति दल के राजेन्द्र राम, झारखण्ड क्रांति मंच के पलामू जिलाध्यक्ष विजय राम, केन्द्रीय महासचिव विश्वनाथ राम, केन्द्रीय उपाध्यक्ष पूर्व डाकपाल रामनरेश राम ने विचार व्यक्त करते हुए आन्दोलन को तेज करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर सम्बोधित करते हुए झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा कि सिंगराकला,बजराहा व सिंगराखूर्द में भूमिहीन दलितों को पट्टे के माध्यम से प्राप्त जमीनों पर अगर जिला प्रशासन ने कब्जा नहीं दिलाया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।मामला चाहे मुरुमातु के महादलित मुसहर परिवारों को उसी स्थान पर बसाने का हो अथवा कजरमा(पाटन)के भुईयां जाति की जमीनों पर कब्जे की बात हो या फिर जिले में जहां कहीं भी ऐसे मामले होंगे, झारखण्ड क्रांति मंच संघर्ष तेज करेगा।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए मंच के केन्द्रीय सचिव सह लेस्लीगंज की पूर्व जिला पार्षद सुश्री निर्मला कुमारी ने उपस्थित जन समूह को जमीनों को बचाने की लड़ाई की शुरुआत करने पर केन्द्रीय अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में शामिल महिला/पुरुष साथियों को हार्दिक धन्यवाद दिया।