डॉ गर्ग ने सुजानगंगा के चारों ओर पैदल चलकर साैंदर्यीकरण के कार्य का किया अवलोकन, अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन भी थे साथ, सौंदर्यीकरण के कार्यों में और सुधार लाने के दिये निर्देश

डॉ गर्ग ने सुजानगंगा के चारों ओर पैदल चलकर साैंदर्यीकरण के कार्य का किया अवलोकन,
अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन भी थे साथ,
सौंदर्यीकरण के कार्यों में और सुधार लाने के दिये निर्देश

भरतपुर, 22 जनवरी। तकनीकी शिक्षा एवं आयुर्वेद राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने पैदल चलकर नगर निगम द्वारा सुजानगंगा के किये जा रहे सौंदर्यीकरण का अवलोकन किया। अवलोकन के दौरान उनके साथ जिला कलक्टर आलोक रंजन, नगर निगम के मेयर अभिजीत कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
डॉ गर्ग ने गांधी पार्क पर नगर निगम द्वारा बनाई जा रही चौपाटी एवं सुजानगंगा नहर के साथ विकसित किये जा रहे पाथ-वे का अवलोकन करते हुए निर्देश दिये कि सुजानगंगा की दीवार के साथ जाली को इस तरह लगाया जाये कि इसके प्राकृतिक सौंदर्य पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पडे। उन्होंने नगर निगम द्वारा सुजानगंगा के चारों ओर लगाई जा रही डेकोरेटिव लाईट्स के सम्बन्ध में निर्देश दिये कि इन लाईट्स को ऊंचा किया जाये ताकि इनकी बेहतर सुरक्षा हो सके। उन्होंने सुजानगंगा नहर के किनारे सूखे पडे कुंओं को नगर निगम द्वारा बंद कराने के निर्देश देते हुए कहा कि सुजानगंगा की टूटी पडी चारदीवारी की भी मरम्मत कराई जाये।
तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री ने सुजानगंगा के अवलोकन के दौरान निगम के आयुक्त को निर्देश दिये कि सुजानगंगा में फव्वारों की संख्या बढाने के अलावा इसके पानी की सफाई कराने की कार्ययोजना तैयार करें ताकि यह जीवनदायिनी सुजानगंगा पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बन सके। उन्होंने पानी साफ होने के बाद नाव संचालन का कार्य शुरू कराने और हाई मास्क लाईट् लगवाने के निर्देश देते हुए कहा कि सौंदर्यीकरण के कार्यों के दौरान पुरातत्व की महत्वता अवश्य बनी रहनी चाहिए। उन्होंने राजा खेमकरण सोगरिया पार्क, जनाना चिकित्सालय एवं फुलवाडी का भी अवलोकन किया।
फुलवाडी के अवलोकन के दौरान डॉ सुभाष गर्ग ने नगर निगम के आयुक्त को निर्देश दिये कि इस ऐतिहासिक पार्क में शेड व हट का निर्माण कराया जाये ताकि प्रातकालीन भ्रमण पर आने वाले वृद्धजन उस समय आराम कर सके। इसके अलावा उन्होंने फुलवाडी में ओपन जिम स्थापित कराने के निर्देश भी दिये।
अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन ने विश्वास दिलाया कि सुजानगंगा सौंदर्यीकरण के कार्याें को और गति दिलाई जायेगी तथा प्रयास किया जायेगा कि यह गंगा पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बने जिससे लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा।
इस दौरान उनके साथ नगर निगम के महापौर अभिजीत कुमार, सेवर के प्रधान शकुन्तला सतीश सोगरवाल, कुम्हेर नगरपालिका के चेयरमैन राजीव अग्रवाल, उप प्रधान ओमप्रकाश, नगर निगम के आयुक्त कमल राम मीना, अधिशाषी अभियंता विजय कुमार चौहान आदि थे।

रिपोर्टर लोकेंद्र शर्मा
भरतपुर राजस्थान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!