बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
प्रार्थना सभा में पिट्स मॉडर्न स्कूल में दिखा प्रतिभा का अनोखा संगम
बोकारो जिला के बेरमो प्रखंड क्षेत्र के पिट्स मॉडर्न स्कूल में सोमवार को सह-शैक्षणिक गतिविधियों (CCA) के अंतर्गत आयोजित अंतर-खंडीय समूह नृत्य एवं अंतरसदनीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता ने विद्यालय परिसर को प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता से भर दिया। कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें प्राथमिक से लेकर पूर्व माध्यमिक वर्ग तक के विद्यार्थियों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक वर्ग के बच्चों की समूह नृत्य प्रतियोगिता से हुई। कक्षा प्रथम और द्वितीय के विद्यार्थियों ने प्रार्थना सभा में अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया, जबकि कक्षा तृतीय से पंचम तक की प्रतियोगिता विद्यालय के सभागार में आयोजित की गई।इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “डांस थ्रू एराज़” रखी गई थी, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न युगों की नृत्य शैलियों को मंच पर जीवंत किया। शास्त्रीय, लोक और आधुनिक नृत्य रूपों का मिश्रण दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने न केवल ताल और लय का प्रदर्शन किया, बल्कि टीमवर्क और आत्मविश्वास का भी परिचय दिया।कक्षा प्रथम में प्रथम ‘द’ ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रथम ‘स’ दूसरे और प्रथम ‘ब’ तीसरे स्थान पर रहा। कक्षा द्वितीय में द्वितीय ‘अ’ विजेता बना,वहीं द्वितीय ‘स’ दूसरे स्थान पर रहा। द्वितीय ‘ब’ और द्वितीय ‘द’ ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
सभागार में आयोजित कक्षा तृतीय से पंचम की प्रतियोगिता का विषय पश्चिमी और शास्त्रीय नृत्य का मिश्रण था। विद्यार्थियों ने कत्थक, भरतनाट्यम, हिप-हॉप और समकालीन नृत्य के संयोजन से प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने ताल, भाव, परिधान और प्रस्तुति शैली के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
कक्षा तृतीय में तृतीय ‘ब’ प्रथम, तृतीय ‘अ’ द्वितीय और तृतीय ‘स’ तृतीय स्थान पर रहा। कक्षा चतुर्थ में चतुर्थ ‘अ’ विजेता बना, जबकि चतुर्थ ‘ब’ और ‘द’ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। चतुर्थ ‘स’ को तीसरा स्थान मिला। कक्षा पंचम में पंचम ‘स’ प्रथम,पंचम ‘अ’ और ब संयुक्त रूप से दूसरे तथा पंचम ‘द’ तीसरे स्थान पर रहा।
इसी क्रम में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय विद्यालय परिसर एवं आसपास की प्राकृतिक सुंदरता था। बच्चों ने विद्यालय के हरे-भरे मैदान, लाइब्रेरी कॉर्नर,प्रार्थना सभा और गोमिया की प्राकृतिक छटा को कैमरे में कैद कर अपनी रचनात्मक दृष्टि का परिचय दिया।जूनियर वर्ग में अशोक हाउस के सौरिश सिन्हा प्रथम, मगध हाउस के प्रणीत कुमार पासवान द्वितीय तथा अशोक हाउस की समृद्धि रॉय तृतीय स्थान पर रहीं।सीनियर वर्ग में वैशाली हाउस के पियूष राज ने पहला स्थान हासिल किया,जबकि अशोक हाउस के अभिनव कश्यप दूसरे स्थान पर रहे। वैशाली हाउस की नव्या यादव और विक्रम हाउस के आदित्य कुमार ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम का संचालन सीसीए विभाग की देखरेख में श्रीमती स्वीटी भाटिया,श्रीमती पूजा मेहता और श्री अमित कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में श्रीमती नीलांजना दासगुप्ता,श्रीमती प्रिया सिन्हा,श्रीमती नंदिता भट्टाचार्य,श्रीमती शिल्पी श्रीवास्तव और अशोक कुमार शामिल रहे।विद्यालय के प्राचार्य श्री बृजमोहन लाल दास ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है,बल्कि कला,संस्कृति और रचनात्मकता भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष श्री अरिंदम दासगुप्ता ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर देते हैं। वहीं आईईपीएल (ओरिका) गोमिया के एमसीएम श्री अभिषेक विश्वास ने बच्चों की ऊर्जा और समर्पण की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा केवल मंच तक सीमित नहीं होती, बल्कि सही अवसर मिलने पर हर बच्चा अपनी अलग पहचान बना सकता है।