बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
गोमिया में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर सीपीआई(एम) का प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी

बोकारो :भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) गोमिया प्रखंड कमेटी के नेतृत्व में 10 मई रविवार को गोमिया रेलवे स्टेशन परिसर में विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “गोमिया रेलवे स्टेशन के साथ सौतेला व्यवहार बंद करो”, “गोमिया में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू करो” जैसे नारे लगाए।प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने गोमिया रेलवे स्टेशन प्रबंधक को धनबाद रेल मंडल प्रबंधक के नाम 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा।कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे पार्टी के गोमिया प्रखंड सचिव सह बोकारो जिला कमेटी सदस्य राकेश कुमार ने कहा कि गोमिया रेलवे स्टेशन से होकर चार एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन उनका ठहराव यहां नहीं होने से क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इन ट्रेनों के ठहराव और नई ट्रेनों की मांग को लेकर पार्टी की ओर से 17 अप्रैल को भी मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक रेल मंडल प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है।राकेश कुमार ने कहा कि पुनः 13 सूत्री मांगों को लेकर स्मार पत्र सौंपा गया है। यदि जल्द ही मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया गया और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।उन्होंने कहा कि गोमिया की जनता को साथ लेकर रेलवे स्टेशन पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।इस मौके पर पार्टी के जिला कमेटी सदस्य विनय महतो,अजय कुमार नायक,शंकर प्रजापति,केशु कुमार,भोला स्वर्णकार,सहदेव महतो,अजय कुमार,अख्तर अंसारी,रूपेश कुमार,संतोष कुमार,सुगन यादव,मनोज प्रजापति,चमन प्रजापति,लोकनाथ ठाकुर, रोहित पासवान, टेकलाल गोस्वामी समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।