ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा CISF के हवाले, देश का 72वां एयरपोर्ट बना; नेपाल सीमा के पास बढ़ेगी निगरानी

दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा का दायित्व औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल CISF को सौंप दिया गया है। हवाई अड्डा परिसर में आयोजित समारोह में CISF ने कमान संभाली। इसके साथ ही दरभंगा देश का 72वां हवाई अड्डा बन गया है जिसे CISF की सुरक्षा मिली है। पटना और गया के बाद यह बिहार का तीसरा हवाई अड्डा है जो अब CISF के सुरक्षा घेरे में आ गया है। CISF यूनिट CCL करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में कुल 145 CISF कर्मियों की तैनाती की गई है। दरभंगा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह तैनाती रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है। यह हवाई अड्डा 729 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित है।इंडक्शन समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, CISF के महानिदेशक प्रवीर रंजन, बिहार के डीजीपी विनय कुमार, CISF एयरपोर्ट सेक्टर की अपर महानिदेशक बिनिता ठाकुर और उप महानिरीक्षक किम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।दरभंगा हवाई अड्डा भारतीय वायुसेना स्टेशन के परिसर में एक सिविल एन्क्लेव के रूप में संचालित होता है। यहां CISF यात्रियों और सामान की उन्नत जांच, तोड़फोड़ रोधी जांच, निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र जैसी बहु-स्तरीय सुरक्षा उपलब्ध कराएगा।आधुनिक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल QRT, बम निरोधक दस्ता BDS और विस्फोटक पहचान में प्रशिक्षित K-9 श्वान दस्ते भी तैनात किए गए हैं। सीमा पार के खतरों, तस्करी नेटवर्क और ड्रोन गतिविधियों जैसी चुनौतियों को देखते हुए यह तैनाती महत्वपूर्ण मानी जा रही है।उड़ान योजना के अंतर्गत दरभंगा हवाई अड्डा देश के सबसे तेजी से विकसित होते हवाई अड्डों में से एक है। पिछले कुछ वर्षों में यात्रियों की संख्या में तेज वृद्धि हुई है। दरभंगा में तैनाती के साथ ही CISF अब बिहार में 11 महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कर रहा है।
सम्राट चौधरी, कहा मुख्यमंत्री बिहार:सुरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं होगा। मिथिला क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है और CISF की तैनाती से हमारे नागरिकों को एक सशक्त सुरक्षा कवच प्राप्त होगा।वहीं प्रवीर रंजन,कहा महानिदेशक CISF:CISF पेशेवर मानव संसाधन, उन्नत प्रौद्योगिकी और वैश्विक स्तर के सुरक्षा मानकों के जरिए सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल हवाई अड्डा परिवेश उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।”