बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
पहली पत्नी रहते दूसरी शादी करना युवक को पड़ा महंगा, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।
बोकारो जिला के कथारा ओपी में दो शादी करने का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दो शादियां करना एक युवक को महंगा पड़ गया पहली पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया। मामले को लेकर थाना परिसर में काफी देर तक जमकर हंगामा भी होता रहा। मिली जानकारी के अनुसार कथारा बांध बस्ती निवासी संजय यादव की शादी करीब सात वर्ष पूर्व पूजा देवी (26) से हुई थी। दोनों का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। आरोप है कि पहली पत्नी के रहते हुए संजय यादव ने हाल ही में झिरकी निवासी बबीता देवी से कोर्ट मैरिज कर ली।
दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद पहली पत्नी पूजा देवी कथारा ओपी पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर दूसरी पत्नी बबीता देवी भी थाना पहुंच गई। थाना परिसर में दोनों महिलाओं के आमने-सामने आने पर जमकर हंगामा हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
पूजा देवी ने पुलिस को बताया कि उनका मायका भुरकुंडा लाधी मोड़ में है। शादी के सात वर्ष बीत चुके हैं तथा उनका चार साल का बेटा भी है। इसके बावजूद पति ने बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए कथारा ओपी थाना प्रभारी राजेश प्रजापति ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे तेनुघाट जेल भेज दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या दर्ज कर धारा 62/26 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति ने कहा कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करना कानूनी अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।