बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
सुदूरवर्ती गांवों में जागेश्वर बिहार थाना का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को डायन-बिसाही के खिलाफ किया जागरूक।
बोकारो : पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशानुसार जागेश्वर बिहार थाना पुलिस द्वारा सुदूरवर्ती क्षेत्र असनापानी, हलवे,मोढा,गायछंदवा एवं कारीपानी गांवों का भ्रमण कर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने फरार अपराधियों का सत्यापन भी किया।इस अवसर पर ग्रामीणों को ओझा-गुनी, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह या अंधविश्वास पर विश्वास न करें तथा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अभियान के दौरान बच्चों के बीच बिस्किट एवं चॉकलेट का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों एवं ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। पुलिस की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहनीय बताते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को कानून एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि समाज में शांति एवं सौहार्द कायम रहे।