बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
MMDR-26 एक्ट के विरोध में JMM का जनजागरण अभियान, गर्री-मंजूरा में ग्रामीणों को किया जागरूक
MMDR-26 एक्ट के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड कमेटी कसमार द्वारा गर्री एवं मंजूरा पंचायत में जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान JMM नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर एक्ट के प्रावधानों और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि JMM केंद्रीय सदस्य अशोक मुर्मू ने कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से है। यहां के प्राकृतिक संसाधनों से स्थानीय लोगों की आजीविका और भविष्य जुड़ा है। ऐसे में खनिज संसाधनों से संबंधित कानूनों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है। झामुमो गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगा।
विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि झारखंड के लोगों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। राज्य की खनिज संपदा लाखों लोगों की रोजी-रोटी से जुड़ी है। किसी भी ऐसी नीति का विरोध किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार कमजोर हों। जनजागरण अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून की सही जानकारी देना है ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें।प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम ने कहा कि इस अभियान को पंचायत स्तर तक ले जाया जाएगा और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।वहीं प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी, उपाध्यक्ष सिकंदर कपरदार, उपाध्यक्ष सुभाष ठाकुर, नेता कुलदीप कुमार और मुकीम अंसारी ने भी संबोधित किया। सभी ने कहा कि जनता को कानून की जानकारी देना जरूरी है और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ना होगा। स्थानीय हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी होगी।इस अवसर पर तनवीर आलम, मुना अंसारी, मासूम राजा, हमीद अंसारी, शाहिद रजा चिश्ती सहित बड़ी संख्या में JMM कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।