वुशु में DAV कथारा बना राज्य चैंपियन, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट

वुशु में DAV कथारा बना राज्य चैंपियन, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित

 

DAV नेशनल स्पोर्ट्स 2026 के अंतर्गत आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में बोकारो जिला के DAV पब्लिक स्कूल, CCL कथारा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। वुशु में विद्यालय राज्यस्तरीय चैंपियन बना है, वहीं बॉक्सिंग, कराटे और टेबल टेनिस में भी विद्यार्थियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।वुशु, बॉक्सिंग, कराटे और टेबल टेनिस की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं क्रमशः DAV चाईबासा, बड़काकाना, भरेच नगर और गांधीनगर में आयोजित हुई थीं। इन चारों स्पर्धाओं में DAV कथारा के लगभग 30 विद्यार्थियों ने पदक अपने नाम किए। वुशु में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।पदक विजेता सभी खिलाड़ियों को 29 अगस्त, शनिवार को विद्यालय की प्रार्थना सभा में सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति उपस्थित रहे। उन्होंने पदक विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और परिश्रम की भावना विकसित करते हैं।विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-I के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला हैं। खेलों से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने एथेंस और स्पार्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि प्राचीन सभ्यताओं में भी शारीरिक प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया जाता था। हार से सीखना और जीत के बाद विनम्र बने रहना ही सच्ची खेल भावना है।उन्होंने सभी पदक विजेताओं, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को विशेष शुभकामनाएं दीं।विद्यार्थियों की सफलता में शारीरिक शिक्षकों शिव प्रकाश सिंह, राहुल कुमार, ओंकार मिश्रा और मार्गदर्शक शिक्षकों बी.के. दसौंधी, सुरजीत कुमार लाहा सहित सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!