बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
जारंगडीह में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण की छठी, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बोकारो जिला के कथारा क्षेत्र के जारंगडीह में आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर छठी यारी धूमधाम से मनाई गई।जारंगडीह शिव मंदिर समिति की ओर से शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर परिसर में गुरुवार 10 सितंबर को छठी महोत्सव और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर से ही दोनों मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों को गुब्बारों और फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, गर्भगृह की भव्य सजावट देखते ही बन रही थी। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवक-युवतियों और श्रद्धालु भक्तों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य के भागी बने। पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा।बता दें कि 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया था, जो आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों को देखकर ऐसा लग रहा था मानो साक्षात राधा-कृष्ण धरती पर उतर आए हों।भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव अधर्म पर धर्म की विजय और प्रेम-करुणा का प्रतीक माना जाता है। इस मौके पर टिंकू पंडित, धीरज बरनवाल, वीरेंद्र ठाकुर,कुंदन गुप्ता, अनुज बरनवाल,सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।